अशोकनगर में शनिवार देर रात को एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार एक वीडियोग्राफर की मौत हो गई। वहीं, चार लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना जिले के नईसराय थाना क्षेत्र की है। इस हादसे में विदिशा निवासी 34 वर्षीय अनिल उर्फ गोलू की मौत हुई है, जो एक वीडियोग्राफर था और शादी की बुकिंग के लिए नईसराय जा रहा था। कार में सवार अन्य लोगों में 18 वर्षीय राज शर्मा, 30 वर्षीय कपिल यादव, 20 वर्षीय शुभम यादव और 21 वर्षीय प्रदीप यादव शामिल थे। जो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी कार में सवार होकर विदिशा से नईसराय जा रहे थे। तभी रास्तें में कड़ेसरा गांव के पास कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। घायलों को पहले नईसराय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने कार चालक अनिल को मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अन्य चारों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।


