शाजापुर में गोवंश तस्करी का एक प्रयास विफल कर दिया गया। दुकराया जोड़ बाईपास पर गौसेवकों की सूचना पर पुलिस ने गोवंश से भरे एक लोडिंग वाहन को पकड़ा। वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बीती रात गौसेवकों को सूचना मिली थी कि सारंगपुर की ओर से एक सफेद रंग की टाटा छोटी कंटेनर गाड़ी में गोवंश (बछड़े) को ठूंस-ठूंसकर भरकर वध के लिए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। गौसेवक धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही गौसेवक दुकराया जोड़ हाईवे पर पहुंचे और निगरानी करने लगे। सारंगपुर की ओर से आते वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, जिसमें एक गौसेवक घायल भी हो गया। वाहन पर लिखा था डाक पार्सल वाहन चालक ने गाड़ी को बायपास रोड स्थित बाईहेड़ा जोड़ शर्मा ढाबे के पास लहराकर पलट दिया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, कंडक्टर सीट पर बैठे एक व्यक्ति को गौसेवकों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहित पिता प्रकाश सागोरे (22) निवासी गंजीखाना धार, हाल महक वाटिका रोबोट चौराहा इंदौर बताया। उसने अपने फरार साथी चालक का नाम विशाल निवासी इंदौर बताया। वाहन के पीछे डाक पार्सल की तरह ताला लगा था। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर का ताला तोड़ा। अंदर चार गोवंश (बछड़े) क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। गौसेवकों और पुलिस ने बमुश्किल रस्सियां काटकर सभी चारों गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला। पलटे हुए वाहन को क्रेन की मदद से सीधा कर थाने लाया गया। आरोपी मोहित और उसके फरार साथी चालक विशाल के खिलाफ मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 9 और मध्य प्रदेश पशुओं के प्रति क्रूरता अधिनियम की धारा 11 (घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है।


