इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से 16 लोगों की मौत के बाद प्रदेशभर में आक्रोश का माहौल है। इसी कड़ी में रविवार को मैहर में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इस घटना के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस कार्यकर्ता घंटाघर चौराहे पर एकत्र हुए और घंटा बजाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री के खिलाफ भी नारे लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को सरकार की घोर लापरवाही बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध रैली निकालते हुए मैहर भाजपा विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी के कार्यालय का घेराव किया। यहां भी घंटा बजाकर विरोध दर्ज कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश सरकार साफ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है, जिसकी कीमत निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवाकर चुकानी पड़ी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नेता मौजूद रहे। इस्तीफे तक विरोध जारी रहेगा मैहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेश घई ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस पार्टी का विरोध प्रदर्शन सदन तक जारी रहेगा। वहीं, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने कैलाश विजयवर्गीय को फांसी दिए जाने तक की मांग की।


