सागर में जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदेला के जंगल में युवक (20) का शव पेड़ पर फंदे से झूलता मिला है। ग्रामीणों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मामले में मृतक के परिजन ने गांव के ही कुछ लोगों पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है। जैसीनगर पुलिस ने रविवार को डॉक्टर की पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामला दर्ज कर पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कंदेला के पास लगे जंगल में शनिवार को युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान छोटेलाल पिता धनीराम अहिरवार उम्र 20 साल निवासी कंदेला के रूप में हुई। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही परिवार के लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन शनिवार शाम जैसीनगर के गेहूंरास चौराहे पर लेकर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। उन्होंने छोटेलाल की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। परिजन ने आरोप लगाते हुए कहा कि 19 दिसंबर को गांव का लड़का परिवार की बेटी को भगाकर ले गया था। मामले की शिकायत थाने में की थी। लेकिन बेटी अब तक नहीं मिली है। इसी मामले को लेकर परिवार को धमकियां मिल रही थीं। इसी बीच छोटेलाल का शव जंगल में मिला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों ने बेटी की हत्या कर फंदे पर लटकाया है। मामले में पुलिस ने समझाइश के बाद परिजन को शांत कराया। मामला दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच कर रहे
रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि युवक का शव मिला है। मामला दर्ज कर जांच में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।


