दूषित पानी से मौतों पर नीमच में कांग्रेस का प्रदर्शन:घंटा बजाकर जताया विरोध, विधायक निवास का घेराव किया; मंत्री विजयवर्गीय का इस्तीफा मांगा

नीमच में जिला कांग्रेस कमेटी ने इंदौर जल त्रासदी के विरोध में प्रदर्शन किया। दूषित पानी पीने से 15 से अधिक लोगों की मौत और कई लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर यह प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन शहर के गांधी भवन से शुरू हुआ, जहाँ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यकर्ता हाथों में ‘घंटा’ लेकर सरकार के खिलाफ विरोध रैली में शामिल हुए। प्रदर्शनकारी नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। रैली विधायक दिलीप सिंह परिहार के निवास पर पहुंची, जहाँ कांग्रेसियों ने घंटे बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना के लिए विभाग और मंत्री की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कैलाश विजयवर्गीय से तत्काल इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जब तक मंत्री का इस्तीफा नहीं होता और पीड़ितों को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। विधायक निवास के घेराव के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। बंगले को बैरिकेड्स लगाकर सुरक्षित किया गया था। सीएसपी किरण चौहान, केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी और सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच गहमागहमी बनी रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *