इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर छतरपुर में सोमवार को कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसके बाद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सड़कों पर उतरे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पूर्व विधायक सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। सरकार ठोस कार्रवाई नहीं कर रही : कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इंदौर में दूषित पानी से लोगों की जान चली गई, लेकिन सरकार अब तक जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं, कैलाश विजयवर्गीय द्वारा दिए गए बयान को लेकर कांग्रेस ने कहा कि भाजपा नेताओं की भाषा लगातार मर्यादा तोड़ रही है, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। हिरासत में लिए जाने के दौरान भी कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और अपनी मांगों को दोहराया। कांग्रेस का कहना है कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन की अनुमति सीमित थी, लेकिन भीड़ बढ़ने और अव्यवस्था की आशंका के चलते नेताओं को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा मौके पर ही रिहा कर दिया गया।


