रीवा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 36 स्थित पटपर घाट इलाके में गली में तेंदुआ खड़े होने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने से लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि वन विभाग ने इस दावे को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और वायरल फोटो एआई से बनाई गई प्रतीत हो रही है। पटपर घाट इलाके में तेंदुआ देखे जाने का दावा करते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। इसके बाद स्थानीय लोग डर के माहौल में आ गए और इलाके में चर्चा शुरू हो गई। वन विभाग ने किया खंडन
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि न तो विभाग को तेंदुआ देखे जाने की कोई सूचना मिली है और न ही मौके पर ऐसे कोई सबूत पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया वायरल तस्वीर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार की गई लगती है। स्थानीय लोगों ने भी बताया भ्रामक
पटपर घाट निवासी राहुल सिंह ने कहा कि उन्होंने और मोहल्ले के अन्य लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन कहीं भी तेंदुआ नजर नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी ने एडिटेड या एआई जनरेटेड फोटो बनाकर जानबूझकर भ्रम फैलाया है। मकान मालिक का भी इनकार
जिस मकान के पास तेंदुआ खड़े होने का दावा किया जा रहा है, उसके भवन स्वामी ने भी साफ कहा कि उन्होंने न तो तेंदुआ देखा और न ही किसी कैमरे में ऐसा दृश्य रिकॉर्ड हुआ है। प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह से सोशल मीडिया पर डर फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी सीधे प्रशासन या वन विभाग को दें।


