उनाव थाने के सामने पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप:भारी वाहनों को रोकने का वीडियो वायरल, जांच के आदेश

दतिया में उनाव थाने के सामने से गुजरने वाले भारी वाहनों को रोककर पुलिसकर्मियों द्वारा कथित अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो रविवार सुबह का है, जिसने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले शनिवार देर रात डायल 112 की गाड़ी एक भारी वाहन से टकरा गई थी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। क्षतिग्रस्त डायल 112 वाहन को मरम्मत के लिए झांसी भेजा गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डायल 112 की गाड़ी को भी अवैध वसूली के उद्देश्य से सड़क पर लगाया गया था, इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि थाने के सामने इस तरह खुलेआम भारी वाहनों को रोकना और उनसे वसूली करना आम बात हो गई है, लेकिन अब वीडियो सामने आने के बाद मामला उजागर हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। एसडीओपी भांडेर पीसी यादव ने कहा है कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं उनका कहना है कि डायल 112 पराशरी गांव से एक इवेंट से वापस लौट रही थी। रास्ते में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की पड़ताल में जुटा हुआ है और वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *