बैतूल के चिचोली में हुए हादसे का VIDEO:बस एजेंट को कुचलते हुए निकल गया ट्रक, ड्राइवर फरार; इसी सड़क पर आज किसान की मौत

बैतूल जिले के चिचोली में तीन दिन पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज आज (रविवार) सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने चिचोली निवासी बस एजेंट सुरसेन सोनी को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, ट्रक ने सुरसेन सोनी को सामने से टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद वे ट्रक के अगले पहिए की चपेट में आ गए। हादसे के दौरान ट्रक ड्राइवर ने न तो वाहन रोका और न ही पीछे मुड़कर देखा। पुलिस ने ट्रक जब्त किया, ड्राइवर को नोटिस
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक को रोकने के लिए शोर मचाया, लेकिन ड्राइवर ने ट्रक नहीं रोका। ट्रक के पिछले पहिए भी सुरसेन सोनी को रौंदते हुए निकल गए। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर चोटों के कारण सुरसेन सोनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जांच अधिकारी उप निरीक्षक प्रीतम सिंह ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और ड्राइवर को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के बेटे सेतु सोनी ने बताया कि उनके पिता बस एजेंट थे और रोज की तरह टिकट काटने के लिए घर से निकले थे, तभी यह हादसा हो गया। इसी रोड हादसे में आज किसान की मौत
इसी रोड पर चिचोली के पैठे कॉलोनी के पास आज (रविवार) एक बेकाबू कार ने लगातार तीन वाहनों को टक्कर मार दी। जय स्तंभ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और पहले स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद कार ने नानद्रा गांव के किसान संतराम परते (31) को उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में किसान संतराम परते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे बस्तीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले कार ने स्कूटी सवार सुनील सुदामा चौरे और लता चौरे, निवासी घोड़ाडोंगरी को भी टक्कर मारी थी, जो चंडी दरबार से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद कार कुछ दूरी तक दौड़ती हुई बिजली के खंभे से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने पीछा कर कार ड्राइवर को 2-3 किलोमीटर दूर हाईवे पर पकड़ लिया। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। हादसे में घायल तीनों लोगों को सीएचसी चिचोली में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *