डीडवाना के सालासर रोड स्थित सिद्धपीठ बटकनाथ भैरव मंदिर में वार्षिक पौष बड़ा महोत्सव संपन्न हुआ। कड़ाके की ठंड के बावजूद अलसुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में उमड़ पड़े। श्रद्धालुओं ने भैरव बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के आयोजक लोकेश पारीक ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रूप से किया गया। महोत्सव का शुभारंभ विद्वान पंडितों के सानिध्य में विशेष हवन-पूजन के साथ हुआ। इसके उपरांत भैरव बाबा की महाआरती की गई और उन्हें पौष बड़े का विशेष भोग लगाया गया। इस अवसर पर जोगामंडी धाम के महंत लक्ष्मणनाथ महाराज उपस्थित रहे। महाराज ने विधिवत भैरव बाबा का पूजन कर देश, प्रदेश और समाज की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उनके दर्शन और आशीर्वाद के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। महाआरती के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने गरमागरम पौष बड़े का प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन को सफल बनाने में पं. कृष्ण मोठ, उमेश गौड़, शरद पारीक, सुखदेवनाथ योगी, पवन पंवार, अर्जुन चौहान, गणेश टेलर, कुंजबिहारी राखेचा और प्रकाश सोनी सहित कई कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। देर शाम तक मंदिर परिसर भैरव बाबा के जयकारों से गूंजता रहा।


