प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में करीब 2 करोड़ रुपये की कीमत की ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल के निर्देशन में थानाधिकारी दीपक बंजारा की टीम ने मंदसौर रोड पर बसाड जीएसएस के पास नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की। थानाधिकारी दीपक बंजारा ने बताया- आरोपी की पहचान अनवर अजमेरी (50) के रूप में हुई है, जो बागलिया थाना हथुनिया का निवासी है। संदिग्ध गतिविधियों के चलते जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके बैग से 1 किलो 970 ग्राम ब्राउन शुगर क्रूड बरामद हुआ। आरोपी मोटरसाइकिल (नंबर MP14MW8361) से माल की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि अनवर काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है और उसके खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने थाना प्रतापगढ़ में धारा 8/21 NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।


