लुधियाना| भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) प्रशिक्षण केंद्र लुधियाना की ओर से स्वच्छता सेनानी सदस्यों के सहयोग से एक साइकिलिंग अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में कुल 25 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों पर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सचिन कुमार रहे। अभियान में स्वच्छता सेनानी सदस्यों के साथ-साथ एसटीसी के स्टाफ और एथलीटों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। अभियान का मुख्य उद्देश्य मोटापे से लड़ना, फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर अभियान का विषय ‘फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज’ रखा गया। साइकिलिंग अभियान की शुरुआत भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र लुधियाना से हुई, जो भारत नगर चौक से होते हुए लगभग चार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए वापस प्रशिक्षण केंद्र पर पहुंची। मार्ग के दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियानों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।


