लुधियाना | जवद्दी टकसाल में साप्ताहिक नाम सिमरन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टकसाल के प्रमुख संत ज्ञानी अमीर सिंह ने संगत को गुरमत विचारों से अवगत कराया। संत बाबा अमीर सिंह ने गुरबाणी के वचनों का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ और अनमोल है। पृथ्वी पर मनुष्य के समान कोई अन्य प्राणी नहीं है, क्योंकि केवल मनुष्य को ही ईश्वर का नाम जप और सिमरन करने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि मानव जन्म बार-बार नहीं मिलता, इसलिए इसका सही उपयोग करते हुए इस जीवन में ही ईश्वर की प्राप्ति का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मनुष्य ईश्वर के गुणों का गुणगान नहीं करता, तो उसका जीवन व्यर्थ चला जाता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे मछली के लिए पानी जीवन का आधार है, वैसे ही मानव जीवन का आधार ईश्वर का नाम होना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कहा कि गुरुओं और विद्वानों ने स्पष्ट किया है कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य सांसारिक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए भौतिक इच्छाओं से मुक्त होकर ईश्वर उपासना में स्वयं को समर्पित करना है।


