इंजीनियर का लैपटॉप चोरी, डिवाइस में सरकारी प्रोजेक्ट की थी जानकारी

लुधियाना| पवेलियन मॉल की पार्किंग में खड़ी सरकारी कार से एक इंजीनियर का कीमती सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात 1 जनवरी की शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित इंजीनियर अमित कुमार, निवासी गिल्स फार्म्स, पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड (पीडब्ल्यूएसएसबी) के प्रोजेक्ट इंजीनियर हैं। अमित कुमार ने बताया कि उन्हें सरकार की ओर से कार और ड्राइवर उपलब्ध कराया गया है। 1 जनवरी की शाम वह पवेलियन मॉल गए थे। इस दौरान ड्राइवर कार को मॉल की पार्किंग में खड़ी कर वहीं बैठा हुआ था। शाम करीब 8 बजे जब वह वापस लौटे तो ड्राइवर ने बताया कि वह करीब 10 मिनट के लिए वॉशरूम गया था। लौटकर आने पर कार का दरवाजा खुला मिला। कार की जांच करने पर उसमें रखा लैपटॉप, आई-पैड, 2500 रुपए नकद और जरूरी सरकारी दस्तावेज गायब पाए गए। पीड़ित ने बताया कि लैपटॉप में उनके प्रोजेक्ट से जुड़ी अहम जानकारी थी, जो चोरी हो गई है। मामले की शिकायत थाना डिवीजन-8 में दी गई। पुलिस ने जब पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो सामने आया कि ड्राइवर कार से कहीं नहीं गया था, बल्कि पूरे समय कार में ही बैठा रहा। इसके बाद ड्राइवर की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में जांच अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *