भास्कर न्यूज|लुधियाना कार के लेन–देन के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। संतोख नगर निवासी सतपाल पूरी ने थाना दरेसी में शिकायत दर्ज करवाई है कि आरोपी हरप्रीत सिंह ने उनकी फॉर्च्यूनर कार का सौदा 8 लाख 45 हजार रुपये में तय किया था। सौदे के तहत आरोपी ने कार का कब्जा ले लिया। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान आरोपी की स्विफ्ट का सौदा पीड़ित के बेटे अमित पूरी से 3 लाख 70 हजार रुपये में हुआ। आरोपी ने स्विफ्ट कार की रकम लेकर वही 3 लाख 70 हजार रुपये शिकायतकर्ता को दे दिए, साथ ही 1 लाख 30 हजार रुपये नकद अलग से दिए। इस तरह कुल 5 लाख रुपये दिए गए, लेकिन सौदे की पूरी रकम में से 3 लाख 45 हजार रुपये बकाया रह गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी दोनों गाड़ियां अपने साथ ले गया और शेष रकम नहीं दी। बाद में जब शिकायतकर्ता ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि आरोपी हरप्रीत सिंह ने फॉर्च्यूनर और स्विफ्ट दोनों गाड़ियां आगे बेच दी हैं और इसके बाद विदेश चला गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कार सौदे के नाम पर शिकायतकर्ता के साथ धोखाधड़ी की है। जांच अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। राहुल वर्मा, ट्रैफिक एक्सपर्ट पूरी पेमेंट के बाद ही गाड़ी सौंपें, आंशिक रकम लेकर वाहन का कब्जा न दें। लिखित एग्रीमेंट जरूर बनाएं, सौदे की शर्तें, रकम और समयसीमा साफ लिखित में हों। आरसी ट्रांसफर तुरंत करवाएं, बिना आरसी ट्रांसफर के गाड़ी किसी को न दें। नकद लेन–देन से बचें, बैंक ट्रांजेक्शन से भुगतान लें, ताकि रिकॉर्ड रहे। सामने वाले की पूरी जानकारी जांचें, पहचान, पता और दस्तावेजों की पहले पुष्टि करें। वेरिफाइड डीलर से ही गाड़ी की खरीद करने की कोशिश करें।


