भास्कर न्यूज |लुधियाना कृष्णा नगर, ग्यासपुरा इलाके में किरायेदार को शराब के नशे में घर के अंदर बाइक पार्क करने से रोकना एक मकान मालकिन को भारी पड़ गया। आरोप है कि किरायेदारों ने पहले उनके साथ मारपीट की और अगले दिन उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश भी की। मामला 1 जनवरी का बताया जा रहा है। पीड़िता मुस्कान खातून ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उनके ही किरायेदार हैं। घटना की रात आरोपी शराब के नशे में थे और घर के अंदर बाइक खड़ी करने की कोशिश कर रहे थे। जब उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो पहले बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान पीड़िता के पिता को भी चोटें आईं। मुस्कान का आरोप है कि अगले दिन आरोपी दोबारा आए और उन्हें जलाने की नीयत से पेट्रोल फेंकने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने समय रहते खुद को बचा लिया और आरोपियों को वहां से भगा दिया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर पुलिस चौकी ग्यासपुरा पहुंचीं, तो वहां भी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी राज कुमार, वर्मा, हमेश, निरंजन सिंह समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी दीप चंद ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है और मामले की जांच जारी है।


