भास्कर न्यूज |लुधियाना जगराओं पुल के ऊपर रविवार रात करीब 11 बजे चार बाइक सवार बदमाशों ने चौड़ा बाजार के एक कपड़ा कारोबारी से लूट की कोशिश की। वारदात रेलवे स्टेशन के पास जगराओं पुल पर हुई। बदमाशों ने कारोबारी को घेरकर रोका, उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने कारोबारी को पुल से नीचे रेलवे पटरियों पर फेंकने की कोशिश भी की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ युवकों ने समय रहते पहुंचकर उसकी जान बचा ली। राहगीर दीपक और राजू ने बताया कि चौड़ा बाजार में कपड़ों की दुकान का मालिक एक्टिवा पर सवार होकर घर जा रहा था। जैसे ही वह जगराओं पुल पर पहुंचा, पीछे से बाइक पर सवार चार बदमाश आए और उसे घेर लिया। बदमाशों ने एक्टिवा रुकवाकर कारोबारी को नीचे उतारा और पुल के एक तरफ ले जाकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की गई। मोबाइल देने से इनकार करने पर बदमाश उसे रेलवे पटरियों की ओर धकेलने लगे। तभी वहां से गुजर रहे कुछ युवक मदद के लिए पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। तीन बदमाश मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने पहले आरोपी की धुनाई की और फिर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर थाना डिवीजन-2 पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में ड्यूटी ऑफिसर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती। पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई होगाी।


