लुधियाना| दरेसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी के अनुसार पुलिस टीम गश्त के दौरान आईसीआईसीआई बैंक के पास मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वाल्मीकि कॉलोनी निवासी रिंकू अवैध शराब का धंधा कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस को बताए गए स्थान पर रेड की, जहां से आरोपी रिंकू को नीले रंग की कैनी के साथ काबू किया गया। कैनी में 8 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जो करीब 11 बोतलों के बराबर बताई जा रही है। इसके अलावा मौके से एक स्कूटी भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से रिमांड हासिल किया गया। उधर, शिमलापुरी थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 2 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मैड़ कॉलोनी निवासी मनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से नशा तस्करी और नशे के सेवन जैसी गतिविधियों में शामिल था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को काबू किया और उसके कब्जे से हेरोइन बरामद की। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।


