लुधियाना| वृंदावन रोड पर रहने वाले समाजसेवी गगन ढंड के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में थाना डिवीजन नंबर-8 पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रेशम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उस समय काबू किया, जब वह कार में जा रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। गगन ढंड ने बताया कि यह घटना 20 दिसंबर की तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई थी। उनके घर के बाहर सफेद रंग की फोर्ड एंडेवर आकर रुकी। कार से उतरे युवकों ने पहले गाली-गलौज शुरू की। शोर सुनकर जब वह पहली मंजिल पर पहुंचे, तो आरोपियों ने पहले हवाई फायर किए और इसके बाद सीधे घर की ओर गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी। गगन ढंड के अनुसार फायरिंग में मोहित साहनी, ऋषभ पुजारा, कार्निक भुंबक, सुमेध सहित कुछ अन्य युवक शामिल थे। पुलिस पहले ही इस मामले में केस दर्ज कर ऋषभ को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच के दौरान रेशम का नाम सामने आया, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि इस मामले का मुख्य आरोपी मोहित साहनी अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी काबू कर लिया जाएगा।


