सिटी रिपोर्टर | भिलाई अखिल भारतीय विश्वविद्यालय (एआईयू) के तत्वावधान में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में भाग लेने सीएसवीटीयू भिलाई की विभिन्न खेल टीमें रवाना हुईं। इस दौरान विवि के कुलपति डॉ. अरुण अरोरा ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा उनके अच्छे प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर डॉ. अरोरा ने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सीएसवीटीयू के खिलाड़ी पूर्वी क्षेत्र की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और राज्य का नाम गौरवान्वित करेंगे। यह प्रतियोगिताएं पूर्वी क्षेत्र के अंतर्गत ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं खेल परिसरों में आयोजित की जा रही हैं, जहां सीएसवीटीयू की टीमें अपने-अपने खेल वर्ग में सहभागिता करेंगी।


