भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर एमसीबी जिले के भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विधायक कप टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हुआ। जनकपुर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में बांधवगढ़ टाइगर्स ने काशी विश्वनाथ बनारस को 17 रनों से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। खराब मौसम के कारण फाइनल मैच को 20 की जगह 18-18 ओवरों का कर दिया गया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांधवगढ़ टाइगर्स ने तूफानी खेल दिखाया और निर्धारित ओवरों में 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान गौरव सिंह ने 59 और लवकुश ने 48 रनों की शानदार पारियां खेलीं। बनारस की ओर से हिमांशु ने 4 विकेट झटके। 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी विश्वनाथ बनारस की टीम ने कड़ा मुकाबला किया। बल्लेबाज रवि ने मात्र 20 गेंदों में 53 रनों की विस्फोटक पारी (6 छक्के) खेलकर मैच को रोमांचक बना दिया। हालांकि, पूरी टीम 218 रनों पर सिमट गई और बांधवगढ़ ने जीत हासिल की।


