भास्कर न्यूज | राजिम नगर के संगीत प्रेमियों एवं कला मंच राजिम के तत्वावधान में एक शाम सदाबहार गीतों के नाम कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस संगीतमय संध्या में भारतीय सिनेमा के महान गायकों किशोर कुमार, मुकेश, मोहम्मद रफ़ी, लता मंगेशकर एवं आशा भोंसले के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद राजिम के अध्यक्ष महेश यादव सपत्नीक एवं जनपद पंचायत फिंगेश्वर के उपाध्यक्ष सतीश यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव द्वारा महान गायक मुकेश के लोकप्रिय गीत एक प्यार का नगमा है की प्रस्तुति से हुआ। इसके पश्चात नवोदित एवं स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं और श्रोताओं का मन मोह लिया। कला मंच के कलाकार आशीष शिंदे ने मेरे सपनों की रानी, कुंदन सोनी ने “सांसों की जरूरत है, धर्मेन्द्र शर्मा ने ओ मेरी महबूबा, संजय महाडिक ने चला जाता हूँ किसी की धुन में, लीलेश्वर साहू ने मैंने पूछा चाँद से, संजय सिंह ठाकुर ने “संसार है एक नदिया” तथा किशोर निर्मलकर ने हवा हवा ऐ हवा गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक कलाकार तरुण सिन्हा ने चला जाता हूँ, प्रकाश सिन्हा ने “मुसाफ़िर हूँ यारों”, अदिति सिंह ने तूने ओ रंगीले, क्रांति लाल साहू ने रात में ख़्वाब में, दिनेश्वर साहू ने “गुलाबी आँखें” तथा कुंदन सोनी एवं अदिति सिंह ने युगल गीत “परदेसी परदेसी जाना नहीं प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कला मंच राजिम की यह पहल अंचल के उन कलाकारों के लिए सराहनीय सिद्ध हो रही है, जो गीत-संगीत के क्षेत्र में रुचि रखते हैं और मंच की तलाश में रहते हैं। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में श्रोताओं को एक से बढ़कर एक सदाबहार गीत सुनने का अवसर मिला। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बेरोजगार संघ के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, नंदी शर्मा, भावेश ठाकुर, विप्लव तिवारी, धीरेंद्र शर्मा, विजय तिवारी, जितेन्द्र गुप्ता, ओमप्रकाश राजपूत, चेतन मेघवानी, आकाश सिंह राजपूत, प्रकाश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में लोग थे।


