भास्कर संवाददाता |रायसेन नए साल के पहले रविवार को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पिकनिक स्पॉट और रामलीला मेले में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। छुट्टी के दिन परिवारों ने घर से निकलकर सैर-सपाटे का भरपूर आनंद लिया। सांची स्तूप पर प्रदेशभर से पर्यटक पहुंचे। दोपहर से ही परिसर में चहल-पहल बढ़ गई और शाम तक भीड़ बनी रही। पर्यटकों ने ऐतिहासिक धरोहर के बीच घूमने-फिरने के साथ यादगार पल कैमरे में कैद किए। इधर, रायसेन के रामलीला मेले में भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। बच्चों और युवाओं ने झूलों और चाट-फूल (खानपान) का जमकर लुत्फ उठाया। भीड़ दोपहर करीब 2 बजे से आनी शुरू हुई, जो देर शाम तक जारी रही। हालांकि पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र वर्मा के निधन के कारण रामलीला का मंचन स्थगित रहा। इसके बावजूद मेले का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा और नए साल के पहले रविवार को लोगों ने परिवार संग खुशियां साझा कीं।


