भास्कर संवाददाता | रायसेन/बेगमगंज बेगमगंज के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हर रोज़ सुबह-सवेरे एक अलग ही जोश दिखता है। यहां दो युवा कोच राहुल कुशवाह और वीरसिंह अहिरवार बच्चों को बॉक्सिंग ट्रेनिंग देकर न केवल खेल में मेडल दिला रहे हैं, बल्कि उन्हें सरकारी नौकरी का रास्ता भी दिखा रहे हैं। इनकी जिद और समर्पण ने पिछले कुछ सालों में करीब 22 युवाओं को सेना, पुलिस, नेवी और रेलवे जैसे विभिन्न विभागों में नौकरी दिलाई है।राहुल कुशवाह खुद एक नेशनल लेवल के बॉक्सर रह चुके हैं। बीकॉम और बीपीएड की डिग्री हासिल करने के बाद भोपाल से पढ़ाई पूरी कर वे अपने गांव सागौनी गुंसाई (बेगमगंज से करीब 6 किमी दूर) लौट आए। उस समय रायसेन जिले से बॉक्सिंग टीम राष्ट्रीय स्तर पर नहीं जाती थी। राहुल बताते हैं, “मैंने खुद बहुत मुश्किलें झेलीं। मन में यही था कि आने वाली पीढ़ी को मेरी तरह परेशान न होना पड़े। इसलिए यहां मुफ्त ट्रेनिंग शुरू की। बॉक्सिंग के साथ अन्य खेलों में कर रहे प्रशिक्षित पिछले 8 सालों से राहुल लगातार बच्चों को तैयार कर रहे हैं। अब उनके साथ पिछले 5 साल से वीरसिंह अहिरवार असिस्टेंट के रूप में जुड़े हैं। दोनों मिलकर बॉक्सिंग के साथ अन्य खेलों में भी युवाओं को प्रशिक्षित करते हैं। उनकी मेहनत रंग लाई है। उनके प्रशिक्षित खिलाड़ी राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीत रहे हैं। खास बात यह है कि ट्रेनिंग के साथ-साथ इन युवाओं को सरकारी नौकरी में भी सफलता मिल रही है।


