झांसी महोत्सव नकली नोट लेकर जलपरी देखने आया किशोर गिरफ्तार:तलाशी में मिले पांच सौ के नकली नोट, दूसरा युवक भीड़ वाली जगह भेजता था भुनाने

झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र में चल रहे झांसी महोत्सव में पांच सौ के नकली नोटों के साथ पुलिस ने किशोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए किशोर की तलाशी के दौरान पांच-पांच के नोट भी मिले हैं, जिसे राजगढ़ निवासी युवक ने किशोर को दिया था। वह ये नोट लेकर महोत्सव में जलपरी का शो देखने आया था। लेकिन टिकिट काउंटर पर पकड़ा गया। महोत्सव मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने किशोर समेत उसे नकली नोट देने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोर ने पुलिस को बताया कि वह नकली नोट पहले भी चला चुका है। दरअसल, झांसी के किले की तलहटी के प्रदर्शनी मैदान में झांसी महोत्सव चल रहा है। यहां मनोरंजन के लिए आयोजक ने जलपरी शो भी आयोजित किया है, जिसमें लड़कियां पानी में जलपरी का रूप बनाकर करतब दिखा रही हैं। ये जलपरी शो महोत्सव में सबसे ज़्यादा वायरल भी हो रहा है। साथ ही यहां सबसे ज़्यादा लड़कों की भीड़ लग रही है। इसी शो को देखने के लिए रविवार को एक 16 साल का किशोर महोत्सव में पहुंचा था। उसने जलपरी शो देखने के लिए टिकट काउंटर पर जब 500 रुपए का नोट दिया तो टिकट वेंडर को नोट के असली होने पर शक हुआ। इसी आधार पर टिकट वेंडर ने किशोर को मौके पर रोक लिया और महोत्सव के मैनेजर अभिषेक कुमार बुलाया। मैनेजर ने भी जब पांच सौ का नोट देखा तो वह भी नकली नोट भांप गए। इसके बाद मेला चौकी की पुलिस को सूचना दी गई। चौकी से मिली सूचना पर नवाबाद थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और किशोर को साथ ले आई। किशोर बोला-मेरे पास दो नोट हैं नकली नोटों के साथ पकड़े गए किशोर की तलाशी के दौरान पुलिस को उसकी जेब से 500 रुपए के दो कनली नोट मिले हैं। किशोर ने पूछताछ में बताया कि उसे ये नोट प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजगढ़ के वीरू नगर में रहने वाले सचिन रिछारिया ने दिए हैं। किशोर का कहना था कि सचिन भैया के पास और नोट हैं, मेरे पास अभी दो ही हैं। किशोर हिरासत में सचिन फरार सीओ सिटी लक्ष्मीबाई कान्त गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक किशोर जिसकी उम्र लगभग 16 साल है, वह झांसी महोत्सव के जलपरी शो में पांच सौ का नकली नोट चलाते हुए पकड़ा गया है। बताया कि किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पता चला कि उसे ये नोट सचिन रिछारिया देता है। किशोर ने ये भी बताया कि वह ये नकली नोट पहले भी खपा चुका है। बताया कि किशोर और सचिन रिछारिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। किशोर को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जबकि दूसरा आरोपी सचिन रिछारिया फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। भीड़ का फायदा उठाने की कोशिश में पकड़ा गया नकली नोटों के साथ पकड़ा गया किशोर और उसे नोट देने वाला सचिन रिछारिया सही मौके की तलाश में रहते हैं। जब किसी दुकानदार के पास ज़्यादा भीड़ होती है तभी ये अपना काम कर लेते हैं। आज भी आरोपियों ने यही किया। रविवार की छुट्टी के चलते महोत्सव में भारी भीड़ थी। इसी का फायदा किशोर उठाने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल पुलिस नकली नोटों के नेटवर्क को भी तलाश रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *