भास्कर संवाददाता | बड़वानी प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस एसबीएन शासकीय पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य के मार्गदर्शन में संचालित किए जा रहे कॉलेज चलो अभियान के अंतर्गत इन दिनों स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित फलियों में पहुंचकर उच्च शिक्षा की लौ जला रहा है। इस सिलसिले में कॅरियर सेल की टीम ने रविवार को ग्राम धमनई के खरते फलिया में लोगों से संवाद कर उन्हें अभियान की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य ने बताया शासन के निर्देश पर कॉलेज चलो का संदेश विभिन्न समुदायों तक पहुंचाना है। हमारी टीम बारेला समुदाय के खरते फलिया पहुंची और शिक्षा का महत्व बताते हुए उच्च शिक्षा प्राप्ति की प्रक्रिया बताई। आयोजन में सहयोगी बने खरते फलिया के कपिल खरते ने बताया एक सामाजिक कार्यक्रम के सिलसिले में मेरे निवास पर मेरे फलिया के साथ ही अन्य फलियों और गांवों के लोग शामिल हुए थे। डॉ. मधुसूदन चौबे ने बताया धन का अभाव अब शिक्षा में बाधक नहीं है। केंद्र और राज्य सरकार से कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। मुख्यमंत्री मेधावी योजना में प्रवेश शुल्क नहीं लगता है। अजा-अजजा के युवाओं को स्टेशनरी व पुस्तकें नि:शुल्क दी जाती है। आपके परिवार के युवा उच्च शिक्षा ग्रहण करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर उच्च पदों तक पहुंचकर परिवार का कायाकल्प करने में समर्थ होंगे। उनमें व्यापार-व्यवसाय करने की समझ विकसित होगी। वे निजी क्षेत्र में प्लेसमेंट प्राप्त कर सकेंगे। कॉलेज में उपलब्ध खेल की सुविधाओं का लाभ लेकर वो अच्छे खिलाड़ी बन सकते हैं। आपके बच्चों की बेहतर जिंदगी और परिवार की प्रगति के लिए आप बच्चों की पहले स्कूल की पढ़ाई पूरी करवाइए। जो विद्यार्थी 12वीं में पढ़ रहे हैं, उनका कॉलेज में प्रवेश करवाइए। बेटों और बेटियों दोनों को अवसर दीजिए। प्रवेश की ऑनलाइन प्रक्रिया बहुत ही सरल है। जो सामान्यतः मई में शुरू होती है। संवाद का संचालन भोलू बामनिया ने किया। आभार हंसा धनगर ने व्यक्त किया। सहयोग आरती धनगर, संजू डूडवे और दिव्या जमरे ने किया।


