मध्य प्रदेश के नवगठित मऊगंज जिले में जमीन विवाद उस वक्त सियासी बवाल में बदल गया, जब भाजपा विधायक प्रदीप पटेल एक पक्ष के समर्थन में मौके पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। नेशनल हाईवे-135 पर रात करीब 9 बजे शुरू हुए घटनाक्रम के बाद हालात तेजी से बिगड़ते चले गए। विधायक की मौजूदगी से दूसरा पक्ष भड़क उठा और उनके खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगने लगे। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस को हस्तक्षेप कर विधायक को सुरक्षा में वहां से हटाना पड़ा। मामला मऊगंज थाना क्षेत्र के बराब मोड़ का है, जहां लल्लू पांडे और विनोद खोडबानी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष आपसी बातचीत कर रहे थे, तभी भाजपा विधायक प्रदीप पटेल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि विधायक ने विनोद खोडबानी के पक्ष में धरना देकर विवाद में सीधी दखलअंदाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखिए तस्वीरें विधायक की एंट्री से भड़की भीड़
विधायक के धरने पर बैठते ही सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। लोगों का कहना था कि यह दो पक्षकारों का निजी जमीन विवाद है और विधायक की दखल से हालात बिगड़ गए। गुस्साई भीड़ ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब आरोप लगा कि विधायक के कहने पर पुलिस एक पक्षकार को हिरासत में लेने की तैयारी करने लगी। इसके बाद नेशनल हाईवे-135 पर हंगामा शुरू हो गया और आवागमन प्रभावित हुआ। तनाव के बीच एक पक्षकार लल्लू पांडे ने आत्मदाह की चेतावनी भी दी, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। दूसरे पक्ष का दावा- पुश्तैनी जमीन है
विनोद खोडबानी का कहना है कि विवादित जमीन उनकी पुश्तैनी है और वे इसके वैध पट्टेदार हैं। उनके मुताबिक, कब्जे की कोशिश और धमकियों के बाद उन्होंने विधायक को जानकारी दी थी। उनका दावा है कि विधायक मौके पर शांति बनाए रखने के उद्देश्य से पहुंचे थे। विधायक ने आरोपों को किया खारिज
भाजपा विधायक प्रदीप पटेल ने एक पक्ष के समर्थन में धरने पर बैठने के आरोपों को नकारते हुए कहा कि वे केवल विवाद को शांत कराने पहुंचे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन से जुड़ा मामला तहसीलदार स्तर पर विचाराधीन है और अंतिम फैसला प्रशासन व न्यायालय करेगा। विधायक ने 10 लाख रुपए की मांग से जुड़े आरोपों को भी पूरी तरह झूठा और निराधार बताया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और विधायक को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर हालात पर काबू पाया। कांग्रेस ने विधायक को कहा भू माफिया
हनुमना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा ने भाजपा विधायक प्रदीप पटेल को भू-माफिया बताते हुए आरोप लगाया कि हाईकोर्ट में लंबित जमीन मामले में विधायक ने गैरकानूनी दखल दी। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था और लोकतंत्र पर हमला बताया।


