उदयपुर के पानरवा थाना क्षेत्र में शनिवार को केवड़ी के जंगल में मिले एक विवाहिता शव के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को जंगल में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। हत्या की वजह पत्नी का ससुराल न आकर बार-बार पीहर में रहना सामने आया है। थानाधिकारी भागीरथ बुंदेला ने बताया कि 35 वर्षीय कालीबाई पत्नी नकालाल डामोर का शव बरामद हुआ था। मृतका की गर्दन पर गला घोंटने के स्पष्ट निशान मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद साफ हो गया था कि कालीबाई की हत्या हुई है। पत्नी बकरियां चराने गई थी, तभी जंगल में कर दी हत्या
मृतका के पिता सुखलाल खराड़ी ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी। उसमें बताया कि कालीबाई की शादी गांव के ही नकालाल से हुई थी और उनके दो बच्चे है।। कुछ महीनों से अनबन के कारण कालीबाई अपने पीहर में ही रह रही थी। शुक्रवार सुबह कालीबाई बकरियां चराने जंगल गई थी। दोपहर में बकरियां घर लौट आई लेकिन कालीबाई नहीं लौटी। ग्रामीणों ने दोपहर में कालीबाई को उसके पति नकालाल के साथ जगल में देखा था। जब पिता ने नकालाल से अपनी बेटी के बारे में पूछा तो वह उन्हें गुमराह करता रहा। शनिवार सुबह कालीबाई का शव मिलने पर पिता ने सीधे पति पर हत्या का आरोप लगाया। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया था। पुलिस ने केवड़ी के जंगलों में तलाशी अभियान चलाकर नकालाल को डिटेन किया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि पत्नी के पीहर पक्ष द्वारा उसे ससुराल नहीं भेजन से वह गुस्से में था। इसी रंजिश के चलते उसने जंगल में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी।


