उज्जैन में पिछले दो दिनों से जारी शीतलहर को देखते हुए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम द्वारा संचालित मुख्यमंत्री रैन बसेरों का रविवार देर रात औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने नानाखेड़ा बस स्टैंड और दूध तलाई स्थित आश्रय स्थलों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रैन बसेरों में ठहरे निराश्रितों के लिए कंबल, हीटर, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जांच की। उन्होंने बस स्टैंड क्षेत्र में खुले में सो रहे लोगों को रैन बसेरों में भिजवाया और ठंड से बचाव के लिए समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए। रैन बसेरों में रह रहे लोगों से बातचीत की कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान किसी भी जरूरतमंद को असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने रैन बसेरों में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने आमजन से अपील की कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति खुले में न सोए और नगर निगम द्वारा संचालित आश्रय स्थलों का अधिक से अधिक लाभ उठाए। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी के सीईओ संदीप शिवा सहित नगर निगम और प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


