पाली में तेज सर्दी का सितम जारी:9 KM प्रति घंटे की स्पीड से चली बर्फीली हवा बढ़ा रही सर्दी

पाली में सोमवार को सर्दी का असर एक बार फिर साफ नजर आया। सुबह के समय ठंडी बर्फीली हवा ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंचा। हालांकि सुबह के समय आज धुंध कम नजर आई। सोमवार सुबह शहर के कई इलाकों में हल्की धुंध भी देखी गई। करीब 9 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवा के कारण ठंड और ज्यादा चुभती महसूस हुई। खासकर सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले लोगों, स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को तेज सर्दी से परेशानी हुई। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और सिर पर टोपी व कानों पर मफलर लगाए दिखाई दिए। सर्द मौसम का असर शहर की दिनचर्या पर भी देखने को मिला। सुबह के समय चाय की थड़ियों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग चाय की चुस्कियों के साथ अलाव तापते हुए सर्दी से राहत पाने का जतन करते नजर आए। कई स्थानों पर दुकानदारों ने अलाव की व्यवस्था कर रखी थी, जहां लोग कुछ देर रुककर हाथ सेंकते दिखाई दिए। जिले के गोड़वाड़ क्षेत्र में तो शहर की अपेक्षा सर्दी का असर तेज रहा। ठंड बढ़ने से गर्म पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ गई है। चाय, कॉफी और सूप की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या में इजाफा देखा गया। वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। ठंडी हवा से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और गर्म तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, जिससे सर्दी का असर अभी कुछ दिन और जारी रहने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *