डीडवाना में बजरी से भरा बिना नंबर का डंपर पकड़ा:3 युवक गिरफ्तार, पुलिस दिखते ही सड़क पर बिखेरनी शुरू कर दी थी बजरी

डीडवाना में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बरड़वा थाना पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने एक बिना नंबर के 12 चक्का डंपर जब्त कर 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान ललासरी से दयालपुरा की ओर जा रहा एक बिना नंबरी डंपर संदिग्ध अवस्था में दिखा। पुलिस वाहन को देखकर ड्राइवर ने डंपर की रफ्तार बढ़ा दी और दयालपुरा की ओर भागने लगा।
पीछा करने पर ड्राइवर ने पुलिस से बचने के लिए डंपर से सड़क पर बजरी बिखेरनी शुरू कर दी। उसने वाहन छोड़कर फरार होने का भी प्रयास किया। बरड़वा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पालावत के नेतृत्व में कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार, मुरारीलाल और सीताराम की टीम ने पीछा कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस से उलझने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हीराराम (21) पुत्र चेनाराम निवासी बांडोलाई की ढाणी, कोलिया, थाना डीडवाना; राकेश (23) पुत्र धर्माराम निवासी षिनिया, तहसील मकराना, थाना मकराना; और पवन थालोड़ (21) पुत्र लोडूराम निवासी बांडोलाई की ढाणी, कोलिया, थाना डीडवाना के रूप में हुई है।
इस मामले की सूचना माइनिंग विभाग को दे दी गई है, जो आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है। पुलिस ने कहा है कि अवैध बजरी परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *