पाली में बस की डिग्गी से 15 लाख के गहने की चोरी हो गई। दरअसल, शादी में शामिल होने गए व्यक्ति ने बस कंडक्टर और उसके साथियों के कहने पर सूटकेस बस की डिग्गी में रख दिया। सूटकेस खोला गया तो उस पर कट लगा हुआ था और लॉक पर भी चोट के निशान मिले। करीब 12 तोला सोने के गहने और 5600 रुपए नकद गायब पाए गए। इसके बाद व्यक्ति ने सूटकेस से गहने और नकदी चोरी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। यह था मामला पाली के ट्रांसपोर्ट नगर थाने में इंद्रा कॉलोनी मैन रोड निवासी कैलाश पुत्र चंदूलाल ने एक निजी बस के कंडक्टर सहित अन्य लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करवाया है। कैलाश ने आरोप लगाया कि बस की डिग्गी में रखे उसके सूटकेस से कीमती गहने और नकदी चोरी हो गई। TP नगर थाने के SHO हनुवंतसिंह सिसोदिया ने बताया कि कैलाश 5 जून 2025 को परिवार सहित पाली के चुंगी नाका बांगड़ कॉलेज के पास से बस में सवार हुआ था। वह फिरोजाबाद, आगरा में 7 जून 2025 को अपने चाचा ससुर की बेटी की शादी में शामिल होने जा रहा था। कंडक्टर के कहने पर डिग्गी में रखा सामान रिपोर्ट में बताया गया कि बस कंडक्टर के कहने पर कैलाश ने अपना सूटकेस बस की डिग्गी में रख दिया। अगले दिन आगरा पहुंचने पर वह सूटकेस लेकर अपने काका ससुर के घर गया। सूटकेस पर कट, गहने और नकदी गायब घर पहुंचकर जब सूटकेस खोला गया तो उस पर कट लगा हुआ था और लॉक पर भी चोट के निशान मिले। जांच करने पर सूटकेस में रखे करीब 12 तोला सोने के गहने और 5600 रुपए नकद गायब पाए गए। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है। कोर्ट के जरिए दर्ज कराया मामला घटना के बाद कैलाश वापस पाली लौटा और कोर्ट के माध्यम से मामला दर्ज करवाया। रिपोर्ट में बस कंडक्टर संतोष सहित अन्य पर सूटकेस से गहने चोरी करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


