सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम नेबुहा स्थित बघेला रिसोर्ट में पिछले पांच दिनों से एक बाघिन अपने शावक के साथ विचरण कर रही है। रिसोर्ट परिसर और आसपास बाघिन की लगातार मौजूदगी से होटल मालिक, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण भयभीत हैं। बघेला रिसोर्ट के संचालक संतोष सिंह ने बताया कि बाघिन और उसका शावक पांच दिनों से होटल परिसर के भीतर और आसपास देखे जा रहे हैं। हाल ही में बाघिन ने एक गाय और उसके बछड़े का शिकार किया, जिससे खतरा बढ़ गया है। इस स्थिति के कारण पर्यटक होटल में ठहरने से कतरा रहे हैं, और कर्मचारी भी डर के माहौल में काम कर रहे हैं। यह जानकारी सोमवार को दी गई। बाघिन की लगातार मौजूदगी होटल परिसर के पिछले हिस्से में बने पार्क और खुले क्षेत्र में देखी जा रही है। रात के समय आवाजाही कम होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे किसी भी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। होटल प्रबंधन ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। होटल के पिछले हिस्से में है बाघिन संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के एसडीओ सुधीर मिश्रा ने बताया कि विभाग को बाघिन और शावक की मौजूदगी की सूचना मिली है। बाघिन ने गाय और बछड़े के शिकार किया है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। बाघिन व्योहारी क्षेत्र के बफर जोन में विचरण कर रही है और अभी तक होटल के मुख्य भवन में प्रवेश नहीं किया है। वह होटल के पिछले हिस्से के पार्क क्षेत्र में ही है।


