उज्जैन में सर्दी का असर तेज:पहाड़ी इलाकों में बर्फवारी से तीन दिन में 5 डिग्री गिरा पारा, ठंड और बढ़ने के आसार

उज्जैन में लगातार गिरते तापमान और आसमान में छाए बादलों के कारण सर्द हवाओं ने ठंड और बढ़ा दी है। बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड के चलते नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया, हालांकि सुबह 9 बजे के बाद स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को भी कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ी। वर्ष के पहले ही सप्ताह में ठंड ने अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है, ऐसे में नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। तापमान में गिरावट देखने को मिली मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2 दिसंबर को शहर का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो बीती रात घटकर 9.5 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। 2 दिसंबर को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री रहा, जबकि 4 दिसंबर को यह घटकर 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में और तेजी से गिरावट की संभावना जीवाजी राव वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र गुप्त ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इसके चलते प्रति चक्रवात में नमी मिलने से आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों में बादल छंटने के बाद तापमान में और तेजी से गिरावट आने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *