कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में 30 दिसंबर को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक वेन को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वेन सवार युवक सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजन शेरजंग खान ने बताया कि सलीम अपने कुछ साथियों के साथ वेन से अजमेर उर्स में शामिल होकर वापस अपने गांव पिड़ावा लौट रहा था। इसी दौरान बारां-रायपुरा कैथून पुलिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वेन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वेन में सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से एमबीएस अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालांकि सलीम की हालत शुरू से ही गंभीर बनी हुई थी और आज इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करवाई। इस मामले में दुर्घटना की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।


