MPPSC टॉपर बोलीं- असफलता को हावी न होने दें:दीपिका ने कहा- सहेली के सिलेक्शन से मोटिवेशन लिया; सोशल मीडिया से ज्यादा दूरी नहीं रखी

देवास की दीपिका पाटीदार ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की राज्य सेवा परीक्षा 2022 में टॉप किया है। वे डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चुनी गई हैं। दीपिका को 1575 में से 902.75 अंक प्राप्त हुए हैं। उन्हें मुख्य परीक्षा में 1400 में से 756.75 और इंटरव्यू में 175 में से 146 अंक मिले हैं। दैनिक भास्कर से बात करते हुए दीपिका ने आत्मविश्वास, परिवार के साथ और लगातार प्रैक्टिस को अपनी सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने तैयारी को लेकर भी कुछ टिप्स दिए। दीपिका ने कहा- मैं चार बार असफल रही, लेकिन हर बार मुझे अपने नाम का इंतजार रहता था। मुझे पूरा विश्वास था कि मैं डिप्टी कलेक्टर जरूर बनूंगी। लेकिन यह नहीं सोचा था कि मैं टॉपर बनूंगी। मैंने हर असफलता को एक नई शुरुआत के रूप में लिया और 5वीं बार में यह सफलता पाई। करंट अफेयर्स और हॉबीज पर कमांड जरूरी
दीपिका के मुताबिक, इंटरव्यू के लिए खुद को बेसिक चीजों, करंट अफेयर्स और अपनी हॉबीज पर मजबूत करना बहुत जरूरी है। हॉबीज पर आपकी कमांड अच्छी है तो आपका इंटरव्यू निश्चित रूप से बहुत अच्छा जाता है। उन्होंने कहा- करंट अफेयर्स पर पकड़ और प्रैक्टिस से इंटरव्यू में आत्मविश्वास आता है। मैंने अपनी गलतियों को सुधारा और हर सवाल का कॉन्फिडेंस से जवाब दिया। दैनिक भास्कर के सवालों पर दीपिका के जवाब सवाल: इंटरव्यू में किस तरह के सवाल पूछे गए?
जवाब: मेरा इंटरव्यू पॉलिटिकल साइंस और हॉबीज पर हुआ था। मैं चार बार इंटरव्यू दे चुकी थी, इसलिए मुझे पता था कि सवाल कैसे होंगे? मैंने उनकी तैयारी अच्छे से की थी। सवाल: खुद को हमेशा मोटिवेट कैसे किया?
जवाब: 2018 में मेरी सहेली ने 8वीं रैंक पाई थी। हम दोनों का प्री और मेंस का स्कोर बराबर था लेकिन उसे इंटरव्यू में ज्यादा मार्क्स आए थे। उसकी सफलता ने मुझे मोटिवेट किया। मैंने अपनी कमजोरियों को समझकर साइंस बैकग्राउंड के बावजूद एक्स्ट्रा क्लासेस ली और एक्स्ट्रा पढ़ाई भी की। सवाल: घर से दूर रहकर होस्टल में किस तरह की समस्याओं का सामना किया? जवाब: हॉस्टल में खाना और काम करना चुनौती थी लेकिन मैंने हमेशा इससे आगे की सोची। कई बार बीमार हुई, लेकिन खुद को डिमोटिवेट नहीं होने दिया। मैंने छोटी-छोटी समस्याओं को इग्नोर कर आगे बढ़ने पर ध्यान दिया। मुझे लगता है कि समस्याओं से भागने की बजाय इंजॉय करना चाहिए। सवाल: यूपीएससी क्यों नहीं, एमपीपीएससी पर फोकस क्यों? जवाब: दरअसल, मां-पापा से मैंने एक साल यूपीएससी की तैयारी के लिए समय मांगा था लेकिन उसमें सफल नहीं हो सकी। हालांकि, मैंने एमपीपीएससी की तैयारी भी साथ की थी। मैंने यहां तैयारी की तो लगा कि मैं एमपीपीएससी में आसानी से सफल हो सकती हूं। इसलिए मैंने पूरी ताकत इसी में लगा दी। सवाल: सोशल मीडिया पर कितना वक्त बिताती थीं? जवाब: मैं सोशल मीडिया से बिल्कुल दूर नहीं रही। हां, लिमिटेड उपयोग किया। मैंने अपनी परीक्षा और इंटरव्यू की तैयारियां करने के लिए इसका उपयोग किया। परिवार के साथ और आत्मविश्वास से मिली सफलता
दीपिका ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा, ‘मेरे माता-पिता ने हर तरह से मेरा सपोर्ट किया। वे हमेशा मुझ पर भरोसा जताते थे कि मैं कर लूंगी। यह मेरे लिए सबसे बड़ा सहारा बना। फाइनेंशियली, मेंटली और इमोशनली उन्होंने हर समय मेरा साथ दिया। जब जो जरूरत पड़ी, वह पूरी की। असफलताओं को खुद पर हावी नहीं होने दिया
दीपिका ने बताया कि 2019 मेंस का रिजल्ट दिसंबर 2021 में आया, जिसमें वे पास नहीं हो पाईं। इसके 15 दिन बाद ही नए मेंस की तैयारी शुरू करनी पड़ी। उन्होंने कहा- असफलताओं को कभी खुद पर हावी नहीं होने दिया। मुझे खुद से प्रेरणा मिलती थी। हर बार एक नई शुरुआत के साथ तैयारी की और कॉन्फिडेंस बनाए रखा। एमपीपीएससी रिजल्ट से जुड़ी ये खबर भी पढे़ं… एमपीपीएससी 2022: देवास की दीपिका पाटीदार टॉपर:डिप्टी कलेक्टर पद पर चयन, नर्मदापुरम के आदित्य की दूसरी रैंक; टॉप टेन में 6 लड़कियां मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा 2022 के फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिए हैं। देवास की दीपिका पाटीदार ने परीक्षा में टॉप किया है। वहीं, टॉप टेन में 6 लड़कियों ने जगह बनाई है। आयोग के ओएसडी डॉ.आर.पंचभाई ने बताया कि एग्जाम के इंटरव्यू 11 नवंबर से 9 जनवरी 2025 तक आयोजित किए गए थे। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *