मऊगंज में रहने वाली निशा विश्वकर्मा (21) को साइबर अपराधी ने ऑनलाइन संपर्क कर बहन बनाया। मीठी-मीठी बातें करने के बाद उसका विश्वास जीता। फिर गिफ्ट में हीरे की अंगूठी, 13 तोला सोना और 7 लाख रुपए भेजने का झांसा दिया। इसके बाद गैंग के दूसरे सदस्य ने उसे फोन किया। कॉलर ने कहा- आपका पार्सल फंस गया है। 15 हजार रुपए भेजो। पैसा नहीं दोगे तो एक घंटे में तुम्हें अरेस्ट करवा लेंगे। कॉलर की डीपी पर इंस्पेक्टर की वर्दी में किसी का फोटो लगा था। उसने डरा-धमकाकर चार किस्तों में 46 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। निशा को सप्ताहभर में करीब 8 अलग-अलग नंबरों से कॉल आए। बदमाशों ने खुद को कभी कस्टम, कभी सीबीआई तो कभी दूसरी जांच एजेंसी का अफसर बताया। गिरफ्तार करने की धमकी भी दी। परेशान होकर निशा ने 13 जनवरी को कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया। इसके बाद 16 जनवरी को नईगढ़ी थाने में केस दर्ज कराया। निशा ने पुलिस को अपराधी से बातचीत के चार ऑडियो दिए हैं। ये 18, 28, 48 सेकेंड और 1 मिनट 45 सेकंड के हैं। जालसाज के 4 ऑडियो में इमोशनल मैसेज, धमकी भी दी 1. 18 सेकंड के ऑडियो में भेजा अकाउंट नंबर जालसाज- कहां से आप पैसा डाल रही हो। निशा- बैंक से। जालसाज- मैं आपको अकाउंट नंबर सेंड कर रहा हूं। पैसे जमा करते ही स्क्रीनशॉट भेजना है। ठीक है। 2. 28 सेकंड के ऑडियो में स्क्रीनशॉट डालने के लिए कहा जालसाज- एसबीआई का अकाउंट है न। उसमें रुपए जमा कराओ। उसमें क्या प्रॉबलम आ रहा है? स्क्रीन शॉट डालो। निशा- सर्वर नहीं है तो क्या करें। रुपए नहीं जा रहे। जालसाज- पैसे कैसे नहीं आ रहे? करूं वीडियो कॉल। घर पर बैठे कह रही हो कि सर्वर नहीं आ रहा। कहां पर हो? निशा- बैंक में हैं। जालसाज- नहीं घर पर हो तुम। स्क्रीनशॉट भेजो अभी। निशा- हां ठीक है। 3. 1 मिनट 45 सेकंड के ऑडियो में इमोशनल ब्लैकमेल जालसाज- बहन, मुझे ये बताओ कि मुझे क्यों जलील कर रही हो? क्यों परेशान कर रही हो? निशा- हमारे पास जितना था, सब बेच दिया। गहना बेच दिया। कर्ज लेकर दिए। अब हमारे पास पैसा नहीं है। जालसाज- 15 हजार रुपए आपको जमा करना है। अभी ऑफिसर से बात हुई है। वह कह रहा है कि थाने जाकर शिकायत कर रहा है। ओके। निशा- अब हमारे पास नहीं हैं। जो करना है, कर लो। जालसाज- पूरे परिवार को घसीटकर घर से लेकर जाएंगे। कितना महंगा पार्सल है। 28 लाख का पार्सल है। तुम्हारे नाम पर आया है। वो पूछेंगे- कहां से आया, कैसे आया। डायमंड है उसमें। निशा- ठीक है। पार्सल वापस ले जाना है, तो ले जाओ। जालसाज- डायमंड भेजा है मैंने आपको। सात हजार के लिए दिक्कत ले रही हो। निशा- अब हमारे पास एक भी पैसे नहीं हैं। जालसाज- आप पैसा जमा कर दें। निशा- अब हम जमा नहीं करेंगे पैसे। जो करना है, कर लो। 4. 45 सेकंड के ऑडियो में धमकी भी दी निशा- पैसा नहीं जा रहा है। जालसाज- मुझे स्क्रीन शॉट डालो। पैसे कैसे नहीं जा रहे? आप कहां पर हो? निशा- पैसा हमारे पास नहीं है, तो नहीं दे पाएंगे। जालसाज- फिर ये क्यों कह रही हो कि पैसा नहीं जा रहा। निशा- हमारे पास पैसा नहीं है, तो कहां से देंगे। जालसाज- फिर मुझे झूठ क्यों बोला? निशा- आप बार-बार फोन कर रहे हैं, इसलिए मैं ऐसा बोल दिया। जालसाज- तुमने झूठ बोला न। अब मैं तुम्हें इसकी सजा देता हूं। अभी मैं गाड़ी निकालता हूं। गाड़ी का वीडियो भेजता हूं। देख लेना, तुम्हारी तरफ निकल रही है। निशा- हां, ठीक है। ठग ने निशा को बहन बनाकर फंसाया
निशा ने पुलिस को बताया, ‘मैं सोनबरसा गांव की रहने वाली हूं। नौवीं पास हूं। पिता पेशे से किसान हैं। हफ्ते भर पहले इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखा। उसमें एक फोटो लगा था। कैप्शन लिखा था- हम अनाथ हैं। हमारा कोई नहीं है। मैंने उस पर हैलो लिखकर भेज दिया। कुछ देर बाद कॉल आया। कॉलर ने कहा- आप हमारे साथ कैसा रिश्ता रखना चाहती हैं तो मैंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता रखना चाहती हूं। करीब एक सप्ताह तक वह भाई-बहन की तरह बात करता रहा। एक दिन बोला- बहन, मैं आपकी कुछ मदद करना चाहता हूं। आप अपने पते के लिए आधार भेजो। मैंने उसकी बातों में आकर 10 जनवरी को मां का आधार नंबर भेज दिया। कुछ देर बाद फोन आया। बोला- आपके इस पते पर हम पार्सल भेज रहे हैं। मैंने कहा- मुझे कुछ पार्सल नहीं चाहिए। वह बोला- मैं अपनी तरफ से भेज रहा हूं। वह ले लेना। यह कहकर फोन काट दिया। फोन आया- पार्सल एयरपोर्ट पर फंसा है
निशा ने बताया- कुछ देर बाद 8929901588 नंबर से फोन आया। डीपी पर इंस्पेक्टर की वर्दी में किसी का फोटो लगा था। कॉलर ने कहा- आपका पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पर फंस गया है। 15 हजार रुपए भेजो। हमने कहा- पैसा हमारे पास नहीं हैं तो उसने पार्सल का वीडियो भेजा। कहा कि पैसा नहीं दोगे, तो एक घंटे में तुम्हें अरेस्ट करवा लेंगे। मैंने मां से पैसा लेकर 15 हजार रुपए उसके क्यूआर कोड पर भेज दिए। कुछ देर बाद दोबारा फोन कर 15 हजार रुपए मांगने लगा। मना करने पर धमकाते हुए बोला- तुम्हारे पार्सल में एक हीरे की अंगूठी, 13 तोला सोना और 7 लाख रुपए हैं। पैसे नहीं दोगी तो गिरफ्तार कर लेंगे। उसने एक वीडियो भेजा, जिसमें पुलिसकर्मी महिला को ले जाते दिख रहे थे। बोला- जो हाल इन लोगों का हो रहा है, वही तुम्हारा और तुम्हारे परिवार का होगा। वीडियो देखकर हम डर गए। सप्ताह भर में करीब 8 अलग-अलग नंबरों से कॉल आए। गिरफ्तार करने की धमकी देकर उसने हमसे 8 दिन में 15 हजार, 15 हजार, 13 हजार और 3 हजार रुपए जमा कराए। साइबर फ्रॉड से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… आर्मी के नाम पर डराया, लेडी टीचर ने किया सुसाइड मऊगंज में लेडी टीचर ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि ऑनलाइन फ्रॉड से परेशान होकर उसने जान दे दी। बदमाश लगातार फोन कर उसे धमका रहे थे। कह रहे थे कि उसने चोरी का सामान मंगाया है। लगातार धमकी से महिला इतनी डर गई कि उसने बदमाशों के भेजे स्कैनर पर 22 हजार रुपए भी ट्रांसफर कर दिए थे। पढ़ें पूरी खबर


