मंदसौर जिले में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही पर एसपी विनोद कुमार मीना ने सख्त चेतावनी दी। रविवार की रात एसपी और एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल ने थाना नईआबादी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी से गैरहाजिर मिले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई और कई खामियां भी उजागर हुईं। थाने में जांच, ड्यूटी से गैरहाजिर पुलिसकर्मी पर गैरहाजिरी दर्ज निरीक्षण के दौरान थाना नईआबादी में स्टाफ की उपस्थिति की जांच की गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिला, जिस पर उसकी तत्काल गैरहाजिरी दर्ज कर दी गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मालखाना और बंदीगृह की हुई जांच एसपी और एडिशनल एसपी ने थाने के जरायम रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, सीएम हेल्पलाइन रजिस्टर और एमएलसी रजिस्टर की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार और रिकॉर्ड सेक्शन का भी निरीक्षण किया गया। जहां अव्यवस्थाएं मिलीं, वहां तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए। जिलेभर में लगे चेकिंग पॉइंट्स का भी औचक निरीक्षण एसपी के निर्देश पर मंदसौर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में दो-दो चेकिंग पॉइंट लगाए गए थे। इन चेकिंग पॉइंट्स का निरीक्षण एसपी विनोद कुमार मीना ने खुद मौके पर पहुंचकर किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की गई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। चेकिंग पॉइंट्स से भी गायब मिले पुलिसकर्मी चेकिंग पॉइंट्स के निरीक्षण के दौरान करीब पांच पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद नहीं पाए गए। एसपी ने सभी की गैरहाजिरी दर्ज कर ली है और उनसे जवाब तलब किया गया है। एसपी ने कहा कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि थानों और चेकिंग पॉइंट्स की कार्यप्रणाली सुव्यवस्थित, अपडेट और प्रभावी होनी चाहिए।


