संकष्ठी चतुर्थी के अवसर पर कल (मंगलवार) बुरहानपुर के मोहना संगम स्थित सिद्धेश्वर गणेश मंदिर में भगवान गणेश को 51,000 मोतीचूर के लड्डुओं का महाभोग लगाया जाएगा। इस दौरान समरसता महायज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। महायज्ञ में 11 आहूतियां डालने के लिए परिवार सहित लोग पहुंचेंगे। आयोजन समिति के जितेंद्र महाजन ने बताया कि मोहना संगम के पास स्थित श्री सिद्धेश्वर पाटेश्वर गणपति मंदिर में 2015-16 से हर साल यह आयोजन किया जा रहा है। यहां विराजित गणेश जी की मूर्ति प्रसाद बांटने और जाप करने की मुद्रा में है, जिससे उन्हें प्रसाद वितरण की प्रेरणा मिली। पहले भी बड़े लड्डू बनाए गए थे, और अब हर साल 51,000 लड्डुओं का प्रसाद वितरण किया जाता है। इस बार दो दिनों में 51,000 लड्डुओं की प्रसादी तैयार की गई है। इस वर्ष समरसता महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करना है। समाज के विभिन्न वर्गों और जातियों के जोड़ों को इस यज्ञ में आमंत्रित किया गया है। समरसता यज्ञ सूर्योदय से सूर्यास्त तक चलेगा और इसका आयोजन गायत्री मंदिर के सहयोग से किया जा रहा है।


