इंदौर की खजराना पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के साथ जबरदस्ती और मारपीट करने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पीड़िता रविवार रात अपनी मां और बड़े पिता के साथ थाने पहुंची थी। मारपीट करने वाला युवक और पीड़िता के बीच काफी समय से दोस्ती है। खजराना पुलिस के मुताबिक, 17 साल की लड़की और उसकी मां की शिकायत पर 21 वर्षीय पुष्पराज पुत्र राजेन्द्र यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक लड़की की मां ने कहा कि वह निजी काम करती हैं। उनकी बेटी और पुष्पराज की करीब 4 साल से दोस्ती थी। दो माह से लड़की ने पुष्पराज से बात नहीं की थी, क्योंकि उसे शक था कि वह किसी और लड़के से बात कर रहा है। तब आरोपी ने उसे रास्ते में रोककर कहा कि उसका मोबाइल चेक कराए। लड़की ने मोबाइल देने से मना किया, तो आरोपी ने अपशब्द कहे और सड़क पर उसकी मारपीट शुरू कर दी। बड़े पिता से भी किया विवाद लड़की के बड़े पिता ने घटना देखी और बचाव के लिए पहुंचे। इस दौरान पुष्पराज ने उनसे भी विवाद किया और मारपीट की। आसपास के लोगों ने आकर स्थिति को नियंत्रित किया। आरोपी ने धमकी दी कि अगर लड़की ने उससे बात बंद की या किसी और से बात की तो वह जान से खत्म कर देगा। डर के चलते परिवार थाने पहुंचा और मामले में एफआईआर दर्ज कराई।


