फायरिंग मामले में दो शूटर गिरफ्तार रांची| ओरमांझी में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गिरोह के दो गुर्गों विक्की और आयुष को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को रविवार को जेल भेज दिया गया। विक्की छत्तीसगढ़ में छिपा था। टेक्निकल सेल की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। विक्की कचहरी रोड के देवनारायण लेन जबकि आयुष रातू रोड के अखरा गली का रहने वाला है। इन दोनों ने अन्य गुर्गों के साथ मिलकर पिछले साल 22 नवंबर को ओरमांझी जू के पास जमीन कारोबारी संजीव जायसवाल के प्लॉट पर काम करा रहे ठेकेदार आजाद अंसारी और जावेद अंसारी को गोली मारकर घायल कर दिया था। इन दोनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि सुजीत सिन्हा ने जमीन कारोबारी से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी। पैसे न देने पर सुजीत के इशारे पर ही उन्होंने दोनों ठेकेदारों को गोली मारी थी। इस मामले में पुलिस ने पांच दिसंबर को एक अन्य आरोपी जीशान शेख को गिरफ्तार किया था। शूटर विक्की का आपराधिक इतिहास रहा है।


