भीलवाड़ा के हरी शेवा उदासीन आश्रम और हरी शेवा धर्मशाला की पहल पर उदयपुर और बांसवाड़ा के वनवासी क्षेत्रों में सर्दी से राहत पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को कुल 6 हजार 585 स्वेटर, शॉल सहित अन्य ऊनी कपड़े बांटे जाएंगे, ताकि ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। कई संस्थाओं के सहयोग से 6 हजार 585 वस्त्रों का वितरण यह सेवा कार्य महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अभियान में राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद, विवेकानंद केंद्र, मुस्कान फाउंडेशन और समाजसेवी हेमनदास भोजवानी उस्ताद का सहयोग मिल रहा है। सभी संस्थाएं मिलकर वनवासी क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक ऊनी कपड़े पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। सेवा और मानवता का संदेश महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को ऊनी कपड़े उपलब्ध कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को मजबूत करते हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्य जारी रहेंगे। कई संत और सामाजिक कार्यकर्ता रहे उपस्थित इस अवसर पर संत मायाराम, संत राजाराम, संत गोविंदराम, ब्रह्मचारी इंद्रदेव, कुनाल, सिद्धार्थ और मिहिर सहित अनेक संतजन और सेवाभावी कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद से रामप्रकाश अग्रवाल, जिला सचिव कैलाश नंदावत, जिला उपाध्यक्ष भागचंद बाहेती, महिला नगर अध्यक्ष मनीषा जाजू, महिला संरक्षिका पल्लवी वच्छानी, नगर अध्यक्ष गणेश काबरा उपस्थित रहे। विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी से भगवान सिंह, प्रतिमा गर्ग, किरण दीदी, सत्यम शर्मा और बलराज आचार्य शामिल हुए। इसके अलावा विभाग संघचालक चांदमल सोमानी और लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त महामंत्री रवीन्द्र जाजू सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे।


