चूरू में पुलिस जिंदाबाद के लगे नारे:आरोपी गिरफ्तार होते ही प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत, पुतला दहन कार्यक्रम रद्द

चूरू में डॉ. भीमराव अंबेडकर और एससी समाज पर अभद्र टिप्पणी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित मेघवाल महासभा के कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन सोमवार को अचानक बदल गया। यह बदलाव तब आया जब मौके पर पहुंचे डीएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना दी। इस सूचना के बाद पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने आए लोगों ने ‘पुलिस जिंदाबाद’ के नारे लगाए। यह मामला 29 दिसंबर 2025 का है, जब सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव आकर अपशब्दों का प्रयोग किया गया था। इस घटना के आरोपी करतार सिंह निवासी जांदवा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चूरू के मेघवाल महासभा के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के पास एकत्रित हुए थे। जिलाध्यक्ष बजरंग बजाड़ की अगुआई में समाज के लोग एसपी कार्यालय का घेराव करने और चूरू पुलिस का पुतला फूंकने की तैयारी में थे। नारेबाजी के साथ प्रदर्शन शुरू ही होने वाला था कि तभी डीएसपी सुनील झाझड़िया मौके पर पहुंचे। डीएसपी झाझड़िया ने आंदोलनकारियों को बताया कि आरोपी करतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जैसे ही गिरफ्तारी की सूचना मिली, प्रदर्शनकारियों का आक्रोश ठंडा पड़ गया। इसके बाद पुतला दहन और घेराव का कार्यक्रम तत्काल स्थगित कर दिया गया। माहौल में अचानक बदलाव आया और कुछ देर पहले पुलिस के खिलाफ नारे लगा रहे लोग ‘चूरू पुलिस जिंदाबाद’ के नारे लगाने लगे। प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया और कहा कि संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *