मकर संक्रांति पर जानलेवा चाइनीज मांझे की बिक्री को लेकर शहर में विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। सोमवार को मुस्लिम न्याय मंच के बैनर तले एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की और शहर में धड़ल्ले से बिक रहे चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री पाई गई, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने तुरंत नगर परिषद आयुक्त को निर्देशित किया कि वे अपनी टीम को सक्रिय करें और अवैध रूप से मांझा बेचने व भंडारण करने वालों पर निगरानी रखें। मुस्लिम न्याय मंच के अध्यक्ष इमरान बडगुजर ने बताया कि मकर संक्रांति में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में झुंझुनूं के बाजारों में चाइनीज मांझा बड़े पैमाने पर बिक रहा है। इससे आए दिन राहगीरों के गले कटने और निर्दोष पशु-पक्षियों की मौत की खबरें आती हैं। मंच के सहसचिव इश्तियाक कुरेशी ने बताया कि प्रतिबंधित मांझे के बड़े भंडार छिपाकर रखे गए हैं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन को केवल छोटी दुकानों तक सीमित न रहकर, उन बड़े गोदामों और भंडारों पर छापामार कार्रवाई करनी चाहिए जहाँ से इसकी सप्लाई हो रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुस्लिम न्याय मंच के सचिव यूनुस रंगरेज, अब्दुल लतीफ खानजादा, जमील कुरेशी, ओसामा सय्यद और सहदेव कसवा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


