सरई बाजार में कलेक्टर का काफिला जाम में फंसा:20 मिनट तक खड़ी रही गाड़ियां, CMO बोले- जल्द हटाए जाएंगे अतिक्रमण

सिंगरौली जिले के सरई नगर परिषद क्षेत्र में यातायात अव्यवस्था सोमवार को उस समय सामने आई जब कलेक्टर गौरव बैनल का काफिला सरई बाजार इलाके में जाम में फंस गया। कलेक्टर करीब 20 मिनट तक जाम में फंसे रहे। इस दौरान आम लोग भी भारी अव्यवस्था से जूझते नजर आए। यह कोई एक दिन की घटना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सरई बाजार इलाके में लगभग हर दिन ऐसे ही हालात बने रहते हैं। संकरी सड़क से कोल ट्रांसपोर्ट के भारी वाहन, हल्के वाहन और सवारी वाहन एक साथ गुजरते हैं, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों का आरोप है कि बाजार में सड़क पर सब्जी विक्रेताओं और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सड़क और संकरी हो गई है। इसके अलावा, भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था न होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। नगर परिषद क्षेत्र होने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे आम नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है। इस संबंध में दैनिक भास्कर ने सरई नगर परिषद के सीएमओ सुरेंद्र सिंह से बात की। उन्होंने बताया कि जाम की समस्या से निपटने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सीएमओ ने जानकारी दी कि बाजार क्षेत्र के लिए अलग से सब्जी मंडी का निर्माण कार्य शुरू किया गया है, जो जल्द ही पूरा हो जाएगा। इसके बाद सड़क पर लगने वाली सब्जी दुकानों को मंडी में स्थानांतरित किया जाएगा। सीएमओ सुरेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि सड़क पर अतिक्रमण कर बैठे स्थायी दुकानदारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद अन्य विकास कार्यों में भी जुटी हुई है। प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले समय में सरई बाजार क्षेत्र को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *