महेंद्रगढ़ जिले से जुड़े बदमाश को राजस्थान के सीमावर्ती इलाके नीमराणा में दहशत फैलाने की घटना के आरोप में गिरफ्तार किया है। नीमराणा पुलिस ने महेंद्रगढ़ जिले के गांव देवास के मुख्य आरोपी सोनू उर्फ बाबा समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर हथियार और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के बाद हरियाणा-राजस्थान सीमा पर सक्रिय आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। नीमराणा डीएसपी चारुल गुप्ता के अनुसार एक जनवरी की शाम गांव रोडवाल में बोलेरो सवार सोनू उर्फ बाबा और अंकित उर्फ शूटर ने गांव की सड़कों पर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाया। ग्रामीणों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शिव मंदिर और रतन सेठ की दुकान के पास हवाई फायरिंग कर गांव में दहशत फैलाई। डीआईजी के निर्देश पर टीम गठित घटना को लेकर विकास यादव की शिकायत पर थाना नीमराणा में मुकदमा दर्ज कर बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। डीआईजी देवेंद्र विश्नोई के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। हथियार, कारतूस और वाहन बरामद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू उर्फ बाबा निवासी देवास, थाना सदर महेंद्रगढ़, अंकित कुमार उर्फ शूटर निवासी रोडवाल और मनोज उर्फ लहरी निवासी रोडवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से फायरिंग में प्रयुक्त दो हथियार, खाली कारतूस और बोलेरो वाहन बरामद किया गया है। महेंद्रगढ़ में कई केस दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सोनू उर्फ बाबा पर महेंद्रगढ़ सदर, कनीना, नारनौल, रेवाड़ी के बावल और राजस्थान के नीमराणा सहित विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े 14 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।


