इंदौर में दूषित पानी की आपूर्ति से हुई मौतों के विरोध में सोमवार को धार जिले के सरदारपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया गया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, युवक कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से अंबेडकर चौराहे पर यह प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने इंदौर नगर निगम की पेयजल व्यवस्था को इन मौतों के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने हादसे में मृत नागरिकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर नगर निगम के महापौर पुष्य मित्र भार्गव एवं संबंधित वार्ड पार्षद के इस्तीफे की भी मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण निर्दोष नागरिकों की जान गई है। पुतला दहन के समय सरदारपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रतनलाल पडियार, अमझेरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भेरूसिंह बड़गोता, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सुरेंद्रसिंह पटेल, नपा उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चौहान, पूर्व नपा अध्यक्ष ब्रजेश ग्रेवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवक कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता मौजूद रहे।


