दतिया में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज:सर्दी का सबसे ठंडा दिन, अगले कुछ दिन कोहरे की संभावना

दतिया में सर्दी दिन पर दिन अपने नए रंग दिखा रही है। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्द मौसम की सबसे ठंडी रात रही। बीते 24 घंटों में तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। लगातार गिरते तापमान और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण सुबह के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। हवाओं की रफ्तार करीब 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिससे सर्दी का असर और बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले में घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके चलते दृश्यता कम रह सकती है और सुबह के समय यातायात भी प्रभावित हो सकता है। विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे बने रहेंगे और ठंड से फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है। हालांकि सोमवार को दिन में धूप खिलने से लोगों को कुछ समय के लिए सर्दी से राहत मिली, लेकिन शाम होते ही फिर से ठंड का असर बढ़ गया। बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने जिले में कक्षा पांचवीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है, जबकि कक्षा छह से बारहवीं तक के स्कूल सुबह 10 बजे के बाद ही संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्री-बोर्ड परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। लगातार गिरते तापमान का असर कृषि पर भी पड़ने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि तापमान और नीचे गया तो खेतों में फसलों पर पाला पड़ने की आशंका बढ़ सकती है। विशेषकर आलू, सरसों, चना और सब्जी की फसलें पाले से प्रभावित हो सकती हैं। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे रात के समय हल्की सिंचाई करें और आवश्यकतानुसार धुआं या अन्य सुरक्षात्मक उपाय अपनाएं, ताकि फसलों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *