जैसलमेर जिले में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने और समाज के वंचित व हाशिए पर रह रहे वर्गों को मतदान से जोड़ने के लिए विशेष मतदाता पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत “कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” की भावना के साथ लगाए जा रहे हैं। जिला स्वीप समन्वयक प्रमोद कुमार व्यास ने बताया कि नव मतदाता पंजीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीवीटीजी, डिनोटिफाइड एवं घुमंतू/अर्ध-घुमंतू जनजातियों के लिए 6 जनवरी 2026 को विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ऐसे नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा, जो अब तक किसी कारणवश मतदान प्रक्रिया से बाहर रह गए हैं। अलग-अलग जगह पर आयोजित होंगे शिविर उन्होंने बताया कि निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां ये शिविर लगाए जाएंगे। शिविर अमर शहीद सा.गो.रा. उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलमेर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सम, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनगढ़ एवं शहीद रमण मेघवाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ में आयोजित होंगे। जिला स्वीप समन्वयक ने बताया कि 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिक इन शिविरों में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तैनात रहेंगे, जो पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया में सहायता करेंगे। ये दस्तावेज लाने होंगे साथ पंजीकरण के लिए आवेदकों को अपने साथ हालिया फोटो, आधार कार्ड, राशन कार्ड तथा माता-पिता का पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि पीवीटीजी, डिनोटिफाइड एवं घुमंतू/अर्ध-घुमंतू समुदायों के अधिक से अधिक लोग मतदाता सूची में शामिल हों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। बीएलओ यह भी सुनिश्चित करेंगे कि आयु और पात्रता पूरी करने वाला कोई भी नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और समय पर पंजीकरण कराकर अपने मताधिकार का प्रयोग सुनिश्चित करें।


