मुरैना के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक पक्ष ने छत पर चढ़कर लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे रहने वाले रिटायर्ड फौजी सुनील शर्मा और सतेंद्र राठौर के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया है कि सुनील शर्मा ने सतेंद्र राठौर को करीब 5 लाख रुपए दिए थे, जो वापस नहीं मिलने पर दोनों के बीच बहस हो गई। साथियों को बुलाने के बाद बढ़ा तनाव
विवाद के दौरान सतेंद्र राठौर ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद मामला और बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान सुनील शर्मा अपने घर की छत पर चढ़ गया और अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए। घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस कर रही जांच
स्टेशन रोड थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि दो पक्षों में पैसों को लेकर विवाद हुआ था। सुनील शर्मा रिटायर्ड फौजी है और उनके पास लाइसेंसी बंदूक है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनके घर पर कुछ लोग झगड़े के लिए पहुंचे थे, जिसके बाद फायरिंग की गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


